कोरोना से लड़ाई में भारत की रफ्तार दुनिया के बाकी बड़े देशों के मुकाबले काफी तेज है। महज 23 दिन में ही वैक्सीनेशन के मामले में भारत ने दुनिया के उन देशों को पीछे छोड़ दिया है, जहां हमसे काफी पहले वैक्सीनेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। इन 23 दिनों में अब तक देश के 58 लाख से ज्यादा हेल्थ केयर और फ्रंट लाइन वर्कर्स को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इस मामले में भारत अब दुनिया में तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। पहले नंबर पर अमेरिका है, जहां 3.68 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। दूसरे नंबर पर UK है। यहां अब तक 1.48 करोड़ लोगों का वैक्सीनेशन हो चुका है।
12 राज्यों में 2-2 लाख से ज्यादा वैक्सीनेशन
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, अभी देश के 12 राज्य ऐसे हैं जहां 2-2 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन का डोज दिया जा चुका है। इनमें सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश में 6.72 लाख, महाराष्ट्र में 4.73 लाख, राजस्थान में 4.59 लाख, गुजरात में 4.38 लाख, कर्नाटक में 3.86 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
लगातार तीसरे दिन 100 से कम मौतें
देश में संक्रमण से होने वाली मौतों में तेजी से गिरावट आ रही है। रविवार को लगातार तीसरे दिन 100 से कम लोगों की जान गई। 24 घंटे के अंदर 82 मौतें दर्ज की गईं। इसके पहले शनिवार को 71 और शुक्रवार को 95 मरीजों ने जान गंवाई थी। संक्रमण के चलते देश में अब तक 1 लाख 55 हजार 114 लोग जान गंवा चुके हैं।
कोरोना अपडेट्स
- बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) प्रशासन के मुताबिक, विश्वविद्यालय परिसर 22 फरवरी से खुल जाएगा। इसके पहले 17 फरवरी से छात्रों के लिए हॉस्टल खोल दिए जाएंगे।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि वैक्सीनेशन का तीसरा फेज मार्च में शुरू हो जाएगा। उन्होंने लोकसभा में एक सवाल का जवाब देते हुए यह जानकारी दी। बताया कि तीसरे फेज की वैक्सीनेशन प्रक्रिया मार्च के किसी भी हफ्ते में शुरू हो सकती है। इसमें 50 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। 50 साल से कम उम्र के हाई रिस्क वाले लोगों को भी प्रायोरिटी मिलेगी।
5 राज्यों का हाल
1. दिल्ली
देश की राजधानी में रविवार को 119 नए मरीज मिले। 179 लोग रिकवर हुए और 2 की मौत हो गई। अब तक 6 लाख 36 हजार 35 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6 लाख 24 हजार 44 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 हजार 879 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1112 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
2. मध्यप्रदेश
यहां रविवार को 184 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 217 मरीज ठीक भी हुए। अब तक 2.56 लाख केस आ चुके हैं। इनमें 2.50 लाख संक्रमित ठीक हो चुके हैं, जबकि 3,820 मरीजों ने जान गंवाई है। अभी 2,041 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
3. गुजरात
यहां रविवार को 244 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 355 मरीज रिकवर होकर घर गए और 1 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 63 हजार 444 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 56 हजार 670 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4395 मरीजों की मौत हो चुकी है। 2,379 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
4. राजस्थान
राज्य में रविवार को 75 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 138 लोग रिकवर हुए। अच्छी बात ये है कि 24 घंटे के अंदर संक्रमण से किसी की जान नहीं गई। अब तक यहां 3 लाख 18 हजार 193 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 13 हजार 957 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2772 मरीजों की मौत हो गई। 1464 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
5. महाराष्ट्र
राज्य में रविवार को 2,673 नए केस सामने आए। 1622 लोग रिकवर हुए और 30 लोगों की जान चली गई। अब तक 20 लाख 44 हजार 71 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 19 लाख 55 हजार 548 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 51 हजार 310 मरीजों की मौत हो गई। 35 हजार 948 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
0 टिप्पणियाँ