Header Ads Widget

Responsive Advertisement

तीन बड़े फैसले:खजराना की रोटरी हटेगी, निरंजनपुर, विजय नगर चौराहे पर कांक्रीट से गड्‌ढों का स्थायी हल होगा

 

चौराहे पर 2.5 लाख से ज्यादा वाहनों का आवागमन होता है। - Dainik Bhaskar

चौराहे पर 2.5 लाख से ज्यादा वाहनों का आवागमन होता है।
  • रिंग रोड पर रोज ढाई लाख तो एबी रोड पर हर दिन 5 से 7 लाख वाहन चालकों को राहत होगी

रिंग रोड पर खजराना चौराहा और एबी रोड पर विजय नगर के साथ ही निरंजनपुर चौराहे की ट्रैफिक इंजीनियरिंग दुरुस्त होगी। गुरुवार को निगम ने तीन बड़े फैसले किए। चौराहों का सुधार होने से रिंग रोड पर हर दिन ढाई लाख तो एबी रोड पर पांच से सात लाख वाहन चालकों की राह आसान होगी।

खजराना चौराहा -

सहस्त्रार्जुन की प्रतिमा मंदिर तरफ ग्रीन बेल्ट पर शिफ्ट की जाएगी

समस्या- चौराहे पर 2.5 लाख से ज्यादा वाहनों का आवागमन होता है। छह रास्तों का ट्रैफिक सीधे चौराहे पर आता है। इससे अकसर जाम की स्थिति बन जाती है। इसे संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस को अनाउंसमेंट सिस्टम भी लगाना पड़ा है। रोटरी के कारण वाहन गुत्थमगुत्था जो जाते हैं। मंदिर जाने वाले श्रद्धालु अकसर चौराहे पर जाम में फंस जाते हैं। चौराहा समतल नहीं होने से हादसों का अंदेशा रहता है।

समाधान- चौराहे पर स्थित सहस्त्रार्जुन की प्रतिमा को खजराना मंदिर की तरफ वाले ग्रीन बेल्ट में शिफ्ट किया जाएगा। प्रतिमा की शिफ्टिंग का काम इसी महीने शुरू होगा और रोटरी को हटाकर चौराहे का विकास किया जाएगा। लेफ्ट टर्न को सुधारने के लिए आईलैंड बनेंगे। पूरे विकास में करीब डेढ़ करोड़ का खर्च आएगा।

निरंजनपुर चौराहा-

लेफ्ट टर्न की चौड़ाई बढ़ाएंगे, मार्किंग, संकेतक नए सिरे से

समस्या- इस चौराहे पर भारी वाहनों का लोड सबसे ज्यादा रहता है। तीन से चार लाख वाहन हर दिन गुजरते हैं। बारिश में चौराहे के चारों ओर गड्‌ढे हो जाते हैं। गड्‌ढों की वजह से रोज हादसे होते हैं। चौराहे के लेफ्ट टर्न ही ठीक से नहीं बने हैं, जिसके कारण वाहन गुत्थमगुत्था होते रहते हैं। एमआर-11, रिंग रोड से निपानिया तक का हैवी ट्रैफिक इसी चौराहे से गुजरता है। आई बसों का टर्निंग पॉइंट भी यही है।

समाधान- चौराहे को सीमेंट कांक्रीट का बनाया जाएगा। इस काम पर सवा करोड़ का खर्च आएगा। इसके लिए कॉन्ट्रैक्टर की टीम ने गुरुवार को सर्वे और रोड लेवलिंग का काम शुरू कर दिया है। यहां मार्किंग के साथ ही संकेतक भी लगाए जाएंगे। लेफ्ट टर्न चौड़े किए जाएंगे। इससे देवास तरफ से आकर रिंग रोड जाने वाले ट्रैफिक को मदद मिलेगी।

विजय नगर चौराहा-

सर्वे के साथ लेवलिंग का काम शुरू, सर्विस रोड से कब्जे हटाएंगे

समस्या - इस चौराहे पर रोटरी इतनी बड़ी है कि वाहनों को निकलने की ही जगह नहीं बचती। एमआर-10 रोड से सत्यसाईं का लेफ्ट टर्न ही नहीं है, जिसके कारण वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। सर्विस रोड से भी वाहन सीधे चौराहे पर आकर जाम लगा देते हैं। सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग भी बड़ी समस्या है। हर बारिश में यहां गड्‌ढे हो जाते हैं। जगह कम होने से बसों को ज्यादा परेशानी आती है।
समाधान - रोटरी हटाने के साथ ही चौराहे के लेफ्ट टर्न सीमेंट कांक्रीट से बनाए जाएंगे। लेवलिंग चेक करने और सर्वे का काम शुरू हो गया है। इस चौराहे पर विजयनगर थाने के टीआई के कैबिन वाले हिस्से को हटाया जाना है। इसके लिए पुलिस विभाग से बात चल रही है। तब तक बाकी की तीन लेन का काम शुरू किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ