इंदाैर भीषण सर्दी की चपेट में है। लगातार दूसरे दिन सीवियर कोल्ड डे रहा। मंगलवार को दिन का तापमान सामान्य से 12 डिग्री तक गिरकर 14.0 डिग्री दर्ज किया गया। बीती 7 जनवरी को रात का न्यूनतम तापमान भी करीब इतना ही था। मंगलवार को बादल और कोहरे की ओट में सूर्योदय हुआ और उसी तरह अस्त भी हो गया। शाम साढ़े 4 बजे के करीब धूप कुछ देर के लिए निकली, लेकिन ठंड से राहत न के बराबर ही थी। सोमवार रात का न्यूनतम तापमान घटकर 8.1 डिग्री रहा, जाे यह सामान्य से 2 डिग्री कम रहा।
शाम 5 बजे से फिर कोहरे के आगोश में पहुंचा शहर
- 12 डिग्री कम रहा औसत से तापमान
- 300 मीटर दूर भी नहीं दिखाई दे रहा था
- 8.1 डिग्री रहा रात का न्यूनतम तापमान
- हवा उत्तर-पूर्वी, कंपकंपी बनी रहेगी
मौसम विशेषज्ञ अजय कुमार शुक्ला के मुताबिक, इंदौर में हवा उत्तर दिशा से सीधे नहीं आ रही, वरना तापमान और कम हो सकता था। हवा की दिशा उत्तर-पूर्वी बनी हुई है। समूचे प्रदेश में कड़ाके की ठंड है। हवा किसी भी दिशा से आए, कंपकंपी बनी रहेगी।
2019 में चार दिन रहा था कोल्ड डे
2019 में भी 23 से 29 जनवरी के बीच लगातार चार दिन कोल्ड और सीवियर कोल्ड डे रहा था। इस बार अभी दो दिन हुए हैं।
अभी राहत के आसार नहीं
कोहरा व हलके बादल की वजह से धूप नहीं निकली। 12 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल रही है। इससे इंदौर में दिन के तापमान में इतनी गिरावट आई है। 2-3 दिन ठंड से राहत के आसार नहीं हैं।
नमी, फॉग व बादलों ने रोका सूरज का रास्ता
अरब सागर से नमी मिल रही है। धरती का तापमान कम व जमीन से डेढ़ किमी की ऊंचाई पर तापमान अधिक होने से फॉग रहा। बादल से धूप नहीं निकली।
0 टिप्पणियाँ