इंग्लैंड में सेवाएं दे चुके एक डॉक्टर से एक युवक ने डेढ़ करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की है। आरोपी के पास अधिमान्य पत्रकार होने का कार्ड भी मिला है, जो जनसंपर्क विभाग से जारी कार्ड जैसा ही है। पुलिस आरोपी की जानकारी जुटा रही है। कनाड़िया पुलिस के अनुसार आरोपी धीरज यादव पिता विजय यादव निवासी वैभव नगर के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। उसने साथियों के साथ मिलकर इंग्लैंड में सेवाएं दे चुके डॉक्टर सुदर्शन भंडारी के साथ धोखाधड़ी की है। डॉक्टर ने शिकायत की है कि वह इंग्लैंड से आया तो उसे यहां व्यासखेड़ी में जमीन खरीदना थी।
आरोपी ने डॉक्टर को अलग-अलग लोगों से मिलाकर जमीनें दिखाई और एक जमीन के फर्जी अनुबंध के दस्तावेज बनाकर डॉक्टर को दे दिए। इसके बदले डॉक्टर से डेढ़ करोड़ रुपए ले लिए। कुछ दिन बाद कहा कि ये जमीन विवादास्पद है। फिर उसने डॉक्टर को फर्जी चेक देकर कहा कि यह कागज वापस कर दो। डॉक्टर ने जब चेक जांचे तो पता चला कि वे फर्जी हैं। आखिर में अफसरों के आदेश के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
डॉक्टर ने बताया कि शिकायत की थी कि धीरज यादव खुद को पत्रकार व प्रॉपर्टी ब्रोकर बताता था। पुलिस जनसंपर्क विभाग को भी पत्र लिखकर उसके पास से जब्त कार्ड के बारे में पता करेगी।
0 टिप्पणियाँ