नगर निगम की रिमूवल टीम ने बुधवार को भील कॉलोनी मूसाखेड़ी में एक महिला तस्कर के अवैध मकान को तोड़ दिया। महिला द्वारा पूर्व में पुलिस व आबकारी की टीम पर हमला किया गया था। इसके साथ ही महिला ने अधिकारियों पर दबाव बनाने के लिए आत्महत्या का प्रयास भी किया था। पुलिस सुबह ही महिला को गिरफ्तार कर ले गई। इसके बाद निगम की टीम कार्रवाई कर सकी।
जोन 11 के जोनल अधिकारी नागेंद्र सिंह भदौरिया व भवन अधिकारी असित खरे ने रिमूवल टीम को लेकर पांगू उर्फ सरिता पति विनय भूरिया के भील कॉलोनी मूसाखेड़ी स्थित घर पर कार्रवाई की। इस कार्रवाई के लिए डीसीपी आशुतोष बागरी ने निगमायुक्त प्रतिभा पाल को पत्र लिखा था। इस महिला पर 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। महिला घर से ही अवैध शराब और नशे का कारोबार करती थी।
इसके साथ ही महिला ने फांसी लगाने का प्रयास कर दबाव बनाने की कोशिश की थी। महिला के उत्पाती रवैये को देखते हुए पुलिस ने सुबह कार्रवाई के पहले उसे गिरफ्तार कर लिया था। निगम की टीम ने 20 बाय 50 के अवैध मकान को तोड़ डाला।
0 टिप्पणियाँ