Header Ads Widget

Responsive Advertisement

MP में कोरोना LIVE:इंदौर में रिकॉर्ड टूटा, 1852 पॉजिटिव मिले; भोपाल में 1175 नए केस आए, स्पीकर गिरीश गौतम भी संक्रमित

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को इंदौर में रिकॉर्ड पॉजिटिव मरीज मिले। यहां 1852 नए मरीज मिले हैं। इससे पहले एक दिन में सबसे ज्यादा मरीज दूसरी लहर के दौरान मिले थे। 25 अप्रैल 2020 को 1841 मरीज मिले थे। वहीं, ग्वालियर में 756 नए मरीज मिले हैं। जबलपुर में 482 नए केस मिले हैं। यहां एक्टिव केस बढ़कर 2137 हो गए हैं। इसके अलावा भोपाल में 1175 नए मरीज मिले हैं। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

भोपाल में भी बढ़ते संक्रमण को देखते हुए आंगनवाड़ियों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। शनिवार को हुई जिला क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक में ये निर्णय लिया गया है। आंगनवाड़ी में आने वाले बच्चों और स्टाफ को संक्रमण से बचाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। हालांकि, बच्चों व महिलाओं के लिए रेडी-टू-ईट पूरक पोषण आहार व अन्य सेवाएं जारी रहेंगी। इस दौरान कोविड प्रोटोकाॅल के नियमों का पालन करना होगा।

छिंदवाड़ा के जिला अस्पताल में कोविड केयर वार्ड में एडमिट संदिग्ध मरीज की मौत हो गई। 19 साल के नीलेश इनवाती को 13 जनवरी की रात अस्पताल लाया गया था। उसका ऑक्सीजन लेवल कम था। कोविड जैसे सिम्प्टम्स होने पर उसे कोविड केयर के ICU वार्ड में एहतियातन भर्ती कराया गया था। 14 जनवरी की रात उसकी मौत हो गई। युवक हर्रई ब्लॉक के बटकाखापा के ग्राम नाचना का रहने वाला था। कोविड केयर प्रभारी डॉक्टर भूपेश जैन का कहना है कि मौत की वजह बैक्टीरियल निमोनिया है। सुबह मृतक की RTPCR रिपोर्ट निगेटिव आई।

होशंगाबाद विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने खुद यह जानकारी दी। कहा- डॉक्टर की सलाह पर मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। 48 घंटे के दौरान जो भी मेरे संपर्क में आए हों, वे भी अपनी जांच करा लें या खुद को आइसोलेट कर लें।

प्रदेश में एक्टिव केस 25 हजार के पार

मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटे में 5315 पॉजिटिव केस मिले हैं। 1186 मरीज ठीक हुए। एक्टिव केस का आंकड़ा बढ़कर 25,523 हो गया है। इनमें से 819 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। 176 का इलाज कोविड केयर सेंटर में चल रहा है। पॉजिटिविटी रेट 6.67% से ज्यादा हो गया है।

कोविड पॉजिटिव मां ने दिया निगेटिव बच्ची को जन्म
भोपाल के हमीदिया अस्पताल में कोविड पॉजिटिव मां ने बेटी को जन्म दिया। बच्ची कोविड निगेटिव है। शिवनगर की 30 साल की बबीता को 12 जनवरी की सुबह लेबर पेन हुआ तो परिजन इंदिरा गांधी गैस राहत अस्पताल लेकर पहुंचे। सर्दी-खांसी होने के कारण यहां उनकी कोरोना जांच कराई गई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के कारण उन्हें सुल्तानिया ले जाने को कहा गया, लेकिन परिजन बबीता को हमीदिया ले आए। रिपोर्ट निगेटिव आई तो डॉक्टर बच्ची के पिता प्रदीप राय से बोले- आप इसे घर ले जा सकते हैं। बच्ची को मां का दूध जरूरी है, यह सोचकर परिजन घर लेकर नहीं गए। फिलहाल मां आईसीयू में है और बच्ची इसी फ्लोर पर अलग वार्ड में है।

बच्ची को सावधानी के साथ मां का दूध पिलाया जा रहा है।
बच्ची को सावधानी के साथ मां का दूध पिलाया जा रहा है।

कलेक्टर बोले- 13 फरवरी तक इंदौर में हॉस्पिटलाइज्ड की संख्या बढ़ सकती है

इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने आशंका जाहिर की है कि 1 से 13 फरवरी के बीच इंदौर में कोरोना का पीक आ सकता है। कलेक्टर ने कहा कि ओमिक्रॉन के संक्रमण के दौरान विदेशों में 5 से 6% पेशेंट को हॉस्पिटलाइज्ड कराने की जरूरत पड़ रही है, लेकिन इंदौर में पिछले सात-आठ दिन में किए गए आकलन के अनुसार लगभग 2% ही पेशेंट हॉस्पिटलाइज्ड हुए हैं। 13 फरवरी तक एक्टिव केसेस की संख्या ज्यादा रह सकती है और इस दौरान हॉस्पिटलाइजेशन ज्यादा होने की संभावना है। पॉजिटिविटी रेट भी ज्यादा ही रहेगा। कलेक्टर ने कहा कि अब तक किए गए आकलन के अनुसार 1 से 13 फरवरी के बीच इंदौर में 7 हजार से ज्यादा लोग हॉस्पिटलाइज्ड होने की स्थिति में रह सकते हैं।

1 से 13 फरवरी तक कोविड पीक पर रहेगा

मध्यप्रदेश में कोरोना विस्फोटक स्थिति में है। एक्सपर्ट का अनुमान है कि इस गति से केस बढ़े तो 1 से 13 फरवरी तक कोविड पीक पर रहेगा। कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट की रफ्तार अल्फा और डेल्टा वैरिएंट के मुकाबले काफी तेज है। ये वैरिएंट तेजी से लोगों को संक्रमित कर रहा है।

प्रदेश के चारों बड़े शहरों में कोरोना आउट ऑफ कंट्रोल है। प्रदेश में शुक्रवार को 4755 नए संक्रमित मिले हैं। ये गुरुवार को मिले नए संक्रमितों से 724 ज्यादा हैं। शुक्रवार को सबसे ज्यादा 1343 मरीज इंदौर और भोपाल में 986 मरीज मिले हैं। इनके अलावा ग्वालियर में 570 और जबलपुर में 349 नए मरीज सामने आए हैं। रतलाम में 98 संक्रमित आए हैं। भिंड की कोर्ट में कोरोना कहर बनकर टूटा है। यहां पर 44 केस मिले हैं। इसमें से 6 जज हैं। जिलेभर में 86 संक्रमित आए हैं। गुना में भी 20 संक्रमित आए हैं।

प्राइवेट लैब को जांच कराने वाले का एड्रेस वेरिफाई करना होगा, नहीं तो FIR

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कोविड गाइडलाइन जारी करने के बाद शुक्रवार को इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने भी गाइडलाइन जारी कर दी है। इसके तहत क्लास 1 से 12वीं तक स्कूल बंद रहेंगे। बड़े आयोजन, रैलियों पर प्रतिबंध रहेगा। प्राइवेट लैब संचालकों को कोरोना जांच कराने आए व्यक्ति का पूरा रिकॉर्ड वेरिफाई करना होगा। इसमें नाम, नंबर और पता शामिल है। जांच के दौरान मोबाइल नंबर और पता गलत निकलने पर लैब संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ