सोमवार, 14 मार्च को सूर्य राशि बदलकर मीन में आ गया है। अब 14 अप्रैल तक ये ग्रह इसी राशि में रहेगा। अपनी मित्र राशि में सूर्य का आना शुभ रहता है लेकिन सूर्य पर शनि की दृष्टि पड़ने से इसके शुभ असर में कमी आएगी। गुरु की राशि में सूर्य के आने से अब एक महीने तक शादी, सगाई, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कामों के लिए मुहूर्त नहीं होगा। क्योंकि खरमास रहेगा। सूर्य का राशि परिवर्तन वृष, मिथुन, तुला और मकर राशि के लिए शुभ रहेगा। वहीं चार राशियों के लिए अशुभ और अन्य चार के लिए सामान्य रहेगा।
शनि की वक्र दृष्टि
अब मीन राशि में मौजूद सूर्य पर शनि की वक्र दृष्टि यानी टेढ़ी नजर रहेगी। ज्योतिष में ये दोनों ग्रह एक-दूसरे के शत्रु माने जाते हैं। साथ ही बुध और सूर्य से बन रहा बुधादित्य शुभ योग भी खत्म हो जाएगा। इस कारण अब सूर्य से मिलने वाले शुभ फलों में कमी आएगी। इस अशुभ स्थिति की वजह से तनाव, विवाद और कामकाज में रुकावटें आएंगी। सूर्य-शनि की अशुभ स्थिति की वजह से प्रशासन के फैसलों से लोगों की परेशानियां बढ़ सकती हैं। कई लोगों को सेहत संबंधी परेशानी भी हो सकती है।
चार राशियों के लिए शुभ रहेगा सूर्य
मीन राशि में सूर्य के आने से वृष, मिथुन, तुला और मकर राशि वाले लोगों के लिए अच्छा समय रहेगा। इन राशि वालों की जॉब और बिजनेस के लिए ये महीना फायदेमंद रहेगा। इन लोगों को भाग्य का साथ मिलेगा और हर काम में सफलता हासिल करेंगे। घर-परिवार में सुखद वातावरण रहेगा। वैवाहिक जीवन में सुख और शांति बनी रहेगी। दुश्मनों पर जीत मिलेगी। नौकरीपेशा लोगों को तरक्की और बिजनेस करने वालों को धन लाभ होने के योग हैं।
कुंभ सहित चार राशियों को रहना होगा सावधान
सूर्य के राशि परिवर्तन से मेष, सिंह, कुंभ और मीन राशि वालों की परेशानियां बढ़ सकती हैं। इन राशियों के नौकरीपेशा लोगों के कामकाज में रुकावटें आ सकती हैं। अधिकारियों से विवाद हो सकता है। मेहनत ज्यादा और उसका फायदा नहीं मिलने का योग बन रहा है। मानसिक तनाव रहेगा। बिजनेस करने वालों के कामकाज में देरी हो सकती है। काम में मन नहीं लगेगा। धन हानि और विवाद होने की भी आशंका है। सेहत संबंधी सावधानी रखनी होगी।
3 राशियों के लिए सामान्य रहेगा समय
कर्क, कन्या, वृश्चिक, धनु राशि वालों के लिए मीन राशि का सूर्य सामान्य फल देने वाला रहेगा। सूर्य की वजह से कोई बड़ा बदलाव इन लोगों के जीवन में नहीं होगा। जितना काम करेंगे, उतना लाभ प्राप्त कर पाएंगे। जॉब और बिजनेस में जोखिम भरे फैसले लेने से बचें। बड़ा निवेश न करें। लेन-देन में एक्स्ट्रा सावधानी रखनी होगी। वरना पैसा उलझने और नुकसान होने का योग बन सकता है।
0 टिप्पणियाँ