Header Ads Widget

Responsive Advertisement

मप्र विधानसभा चुनाव 2023 : शाजापुर के लिए ‘तोलाराम’ की कचोरी सबसे पहले, लेकिन 17 को मतदान जरूर करें

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को शाजापुर के बापू की कुटिया के सामने स्थित मैदान में आयोजित जनसभा में कही। मोदी प्रचार के अंतिम दौर में मंगलवार को शाजापुर पहुंचे। प्रधानमंत्री के रूप में पहली बार शाजापुर पहुंचे मोदी ने कहा भैरव डुंगरी के पास नया इंडस्ट्रीयल पार्क बन रहा है। आने वाले समय में शाजापुर फूड प्रोसेसिंग हब के रूप में विकसित होगा। गेहूं, सोयाबीन, संतरा और अन्य उपज को फायदा पहुंचेगा। कंपनियां आएंगी, युवाओं को रोजगार मिलेगा। शाजापुर की सांस्कृतिक विरासत समृद्ध है। यह भूमि महाभारतकाल का इतिहास समेटे है। मोदी ने भाषण की शुरुआत नलखेड़ा की मां बगलामुखी और शाजापुर की मां राजराजेश्वरी के जयकारों से की। इसके बाद जब जनता से मोदी-मोदी की गूंज होने लगी तो वह बोले, आपका यह प्यार कइयों की नींद गायब कर देगा। उनके चेहरों से खुशी गायब हो जाएगी। उनके इंटरव्यू देखिए...अरे क्या हालत कर दी आपने कांग्रेस की।

मोदी लॉकर खोल देगा तो पूरा लक लॉक हो जाएगा
मोदी ने लोगों को बार-बार परिवारजन पुकार। उन्होंने 34 मिनट के भाषण में कांग्रेस व महाज्ञानी कहकर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को जमकर घेरा। उन्होंने स्टोरी टेलर बनते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में घूम रहा हूं, भाजपा की ऐसी आंधी चली है कि कांग्रेस का तंबू उखड़ गया है। इस चुनाव को लेकर दो कांग्रेसी बातें कर रहे थे कि इस बार लक चलेगा कि नहीं। इसी बीच तीसरा कांग्रेसी बोल पड़ा, मोदी लॉकर खोल रहा है। लॉकर खोल दिया तो पूरा लक लॉक हो जाएगा। मोदी ने केंद्र सरकार की पीठ थपथपाने के साथ यहां बगैर किसी का नाम लिए जमकर कटाक्ष किए। इस दौरान मंच पर आगर, शाजापुर जिले के भाजपा प्रत्याशी, केंद्रीय चुनाव समिति के सत्यनारायण जटिया और राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार मौजूद रहीं।

दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा भारत

मोदी बोले, दुनिया जानती है कि हम दुनिया के पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। साथ ही कहा कि जब तीसरी बार प्रधानमंत्री बनूंगा तो भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना दूंगा। दुनिया के विकसित देशों के हाल क्या है, पूरी दुनिया जानती है, लेकिन भारत तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। निवेशक आ रहे हैं, बड़-बड़ी कंपनियां आ रही हैं। भारत मैन्यूफैक्चरिंग हब बन रहा है। वहीं कांग्रेस निवेशकों को भगाने का काम करती है। हजारों करोड़ का भ्रष्टाचार करती है। सिर्फ एक परिवार के लिए काम करती है। इस विकास के काल में मध्यप्रदेश को डबल इंजन सरकार चाहिए। परिवारजनों मध्यप्रदेश का सरकार के साथ रहना जरूरी है क्योंकि जहां-जहां कांग्रेस आई, तबाही लाई।

कटाक्ष... महाज्ञानी विरोध कर रहे हैं

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन दिनों प्रदेश में महाज्ञानी आए हुए हैं। वे कहते हैं, मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई हिन्दी में नहीं होना चाहिए। मेडिकल और इंजीनियरिंग की हिन्दी में पढ़ाई का कांग्रेस विरोध कर रही है। इसी सोच के चलते भारत पिछड़ा है। कांग्रेस ने 50 साल राज किया। इनके पिता, दादी, नाना के दौर में खुले अंग्रेजी स्कूल क्या भाजपा सरकार ने बंद किए, नहीं न। इसके बावजूद अंग्रेजी मीडियम स्कूल में पढऩे वालों की संख्या इस भीड़ में चार-पांच ही है। हम गरीब परिवारों और गांवों के मेधावी बच्चों को हिन्दी में मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई कराना चाहते हैं। आप बीमार होने पर डॉक्टर को अपनी भाषा में समस्या बताते हो, तो डॉक्टर आपकी भाषा समझाएगा तो गलत क्या होगा।

संकल्प-पत्र पर मोदी की गारंटी
भाजपा सरकार ने मध्यप्रदेश को बहुत मुश्किल से गड्ढों से निकाला है। हमें फिर से मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी में शामिल नहीं करना है। राज्य की नेतागिरी ने संकल्प-पत्र तैयार किया है। इसमें एक्सप्रेस-वे है, मेट्रो है, आइआइटी की तर्ज पर एमपी आइआइटी, एमपी एम्स, बेटियों को मुफ्त शिक्षा है। ये ग्यारंटी पूरी होगी, क्योंकि मोदी की ग्यारंटी है। बहन हो, भाई हो सभी एक स्वर में कह रहे हैं, कांग्रेस को सिर्फ एक परिवार की चिंता है, आपके बच्चों की चिंता नहीं है।

कांग्रेस पर जमकर किया हमला, भ्रष्टाचार, लूट का धंधा बताया

मोदी ने कहा कांग्रेस का एक ही एजेंडा है लूट-लूट-लूट, भ्रष्टाचार-भ्रष्टाचार-भ्रष्टाचार और बार-बार झूठ, जहां जओ झूठ, चिल्लाकर झूठ। जहां जाओ यही धंधा है। कांग्रेस के पास आपको देने के लिए सिर्फ और सिर्फ विरोध है, निराशा है, नकारात्मकता है। कांग्रेस स्वभाव से ही तुष्टिकरण, गुंडागर्दी, दंगे-फसाद, भ्रष्टाचार को प्रोत्साहित करती है। कांग्रेस के न तो संगठन में दम है और न ही नीयत है। राजस्थान-छत्तीसगढ़ में देखें कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार की क्या स्थिति है। अब वो डरने लगे हैं कि लॉकर न खुल जाए। उनको चिंता है कि मोदी को लॉकर का पता कैसे चल रहा है। लॉकर खुलने से नोटों के ढेर निकल रहे हैं। सोना निकल रहा है सोना। ये आलू वाला सोना नहीं है असली सोना, चोरी का माल, भ्रष्टाचार, अपराध और कांग्रेस का।

80 करोड़ लोगों का आशीर्वाद मुझे शक्ति देता है
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भाजपा सरकार 80 करोड़ से अधिक गरीबों को मुफ्त राशन दे रही है। कोरोना के समय पूरी दुनिया पर मौत मंडरा रही थी। परिवार भी हर बार सोचता था कहीं मौत का बुलावा हमारे घर तक न पहुंच जाए। पूरी दुनिया की मानव जाति संकट में थी। तब मैंने तय किया कि मैं देश के किसी परिवार का चूल्हा बुझने नहीं दूंगा। किसी मां का लाल भूखा नहीं सोएगा। कोई बेटी को रातभर रोना न पड़े, कोई मां आंसू न बहाए इसलिए 80 करोड़ लोगों को अब तक मुफ्त राशन दिया जा रहा है। जब 80 करोड़ देशवासियों की थाली में खाना परोसते हैं तो बहुत सुकून मिलता है। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में खाना खिलाया तो पुण्य आपको मिलेगा, क्योंकि आपने वोट डालकर के मोदी को बैठाया तो इसलिए गरीब की थाली भर गई। मैंने दिसंबर में पूरी होने वाली इस योजना को पांच साल के लिए आगे बढ़ा दिया है।

34 मिनट के भाषण में 36 बार कांग्रेस पर हमला
प्रधानमंत्री मोदी के हेलीकॉप्टर दोपहर 2 बजे सभा स्थल पर मंडराने लगे। दोपहर 2.08 बजे मोदी मंच पर पहुंचे। यहां उन्होंने सभी का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। जिलाध्यक्ष ने मोदी के पैर छुए तो मोदी ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी ने पैर छुए तो मोदी ने उन्हेें भी पैर नहीं छूने को कहा। 2.12 बजे मोदी ने माइक संभाला और 2.46 बजे तक संबोधित किया। 34 मिनट के भाषण में मोदी ने 36 बार कांग्रेस का नाम लेकर हमला किया। इसके साथ ही मोदी ने अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रदेश, जिले सहित शाजापुर शहर तक की चर्चा अपने भाषण में की। इस दौरान भीड़ द्वारा मोदी-मोदी के नारे लगाए गए।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ