Header Ads Widget

Responsive Advertisement

बरही पहुंचीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने साधा कांग्रेस पर जमकर निशाना, कही यह बड़ी बात

कांग्रेस का मानना है कि गरीब को गरीब रखोंगे तो वोट मिलेगा, हमारे समाज को जाति के नाम पर छिन्न-भिन्न करने का कुकर्म कांग्रेस पार्टी ने किया

कटनी. विधानसभा चुनाव प्रचार को लेकर बुधवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी विजयराघवगढ़ विधानसभा के बरही नगर पहुंचीं। यहां पर जनसभा को संबोधित करते हुए जमकर कांग्रेस पर निशाना साधा और गांधी परिवार पर कटाक्ष किया। इस दौरान स्मृति ने मोदी सरकार सहित प्रदेश की योजनाओं को गिनाया। स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश व देश को छला। ऐसे लोगों को सबक सिखाओ। मामा ने (सीएम शिवराज सिंह चौहान) तो पूरे प्रदेश में 6 लाख 10 हजार बेटियों का कन्यादान किया है। हमारे समाज को जाति के नाम पर छिन्न-भिन्न करने का कुकर्म कांग्रेस पार्टी ने किया। कई बार धर्म को आहत करने का प्रयास किया। कांग्रेसी तंज में कहते थे मंदिर वहीं बनाएंगे, तारीख नहीं बताएंगे, लेकिन कान खोलकर सुनें मंदिर वहीं बना रहे हैं, तारीख भी बता रहे हैं। 22 जनवरी का भव्य मंदिर में रामलला विराजमान होंगे, भव्य प्राण प्रतिष्ठा होगी, यह हमारे कछ वर्षों का संघर्ष ही नहीं है बल्कि 500 सालों का इंतजार भी है। कांग्रेस के पास जब सत्ता थी कांग्रेस का दुस्साहस था कि कोर्ट में दस्तावेज दे दिया कि प्रभु राम का कोई अस्तित्व नहीं है। प्रभु की लीला देखो, जिनको गांधी खानदान नकार रहा था, उसी खानदान के बच्चे मंदिर-मंदिर भटक रहे हैं, भक्तों का वोट मांगने के लिए। जिस रामसेतु के निर्माण से कंाग्रेस इन्कार कर रहा था उसी पार्टी के नेता आग्रह कर रहे हैं कि मंदिर में नहीं बुलाएंगे। हम छोटे कद के नहीं हैं, गांधी खानदान की तरह, आस्था है तो आओ। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी, विधायक संजय पाठक, नगर परिषद अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

गरीबों के संरक्षण में बौखला रही कांग्रेस
ईरानी ने कहा कि देश में मुसीबत के वक्त हमारी सभ्यता व संस्कार यह रहे हैं कि किसी को भूखे पेट सोने नहीं देते। एक रोटी में आधी रोटी भी खिला देंते हैं। जब कोरोना आया तब नरेंद्र मोदी ने गरीबों को मुफ्त में राशन देने की घोषणा की। 80 करोड़ नागरिकों को ढाई साल से मुफ्त में राशन दिया जा रहा है। कोरोना कांग्रेस कार्यकाल में आया होता तो गरीब को कभी मुफ्त में राशन नहीं देते। आगामी पांच साल तक मुफ्त में राशन मिलेगा। इसमें कांग्रेस धमका रही है कि इलेक्शन कमीशन में जाएंगे। गरीब का संरक्षण मोदी करते हैं, करते रहेंगे, कांग्रेस की बौखलाहट देखो, गरीब जनता को राशन देने में दुख हो रहा है। ऐसी राजनीतिक पार्टी है जो आज कहती है कि सिलेंडर 500 रुपए का देंगे, साढ़े 4 सौ रुपए शिवराज दे रहे हैं। कांग्रेस कहती है 1000 रुपए महिलाओं को देंगे देंगे, शिवराज 1250 दे रहे हैं। ईरानी ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों की जमीन लूटी, भाजपा ने व मुख्यमंत्री ने भू-अधिकार के तहत प्रदेश में एक लाख 25 हजार गरीब लोगों को जमीन के पट्टे बांटे हैं। कांग्रेस के नेता छींके तो विदेश दिखाने जाते हैं, लेकिन नरेंद्र मोदी ने 10 करोड़ देश में व मप्र में 3 करोड़ आयुष्मान कार्य बनवाए हैं, जिसमें 5 लाख रुपए का सालाना मुफ्त इलाज हो रहा है। कोरोना का टीका लगाने पर कांग्रेस ने कहा कि टीका विदेश से लाओ, लेकिन मोदी ने कहा कि हिंदुस्तान में इतना दम है कि वैक्सीन अपने देश में बनाएंगे। 160 राष्ट्रों को अपनी वैक्सीन दिलाई। कांग्रेस कह रही थी मोदी वैक्सीन मत लगवाना, फिर वही चुपचप लगवा रहे थे।


किन आंखों से लल्ला को देखोंगे
स्मृति ईरानी ने कांग्रेसियों को कहा कि किन आंखों से लल्ला को देखोंगे, जिनके अस्तित्व पर प्रश्रचिन्ह लगाकर कोर्ट में दस्तावेज दिए थे। अमेठी पर चर्चा करते हुए कहा कि 40 साल वहां एक खानदान ने राज किया, वहां एक ऑफिस, मेडिकल कॉलेज नहीं बना, न गरीबों का घर बना ना ही प्रसाधन बना, कांग्रेस का मानना है कि गरीब को गरीब रखोंगे तो वोट मिलेगा, गरीब संशक्त हो गया तो कांग्रेस को कोई नहीं पूछेगा यह उनका मानना है। आपलोग कांग्रेस के झांसे में मत आना, गरीब को प्रताडि़त करने की इनकी राजनीति है। उन्होंने कहा कि 17 को मतदान करें और फिर 22 जनवरी को अयोध्या आएं। अमेटी से अयोध्या मात्र 50 किमी दूर है। रामभक्तों के साथ लौटो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का जहां गढ़ था वहां पर जीती।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ