Header Ads Widget

Responsive Advertisement

लाड़ली बहना की बंपर वोटिंग से BJP की प्रचंड जीत, जानिए कहां कितनी महिलाओं ने किया वोट ?

 हर सीट पर महिला वोटर्स की बढ़ी संख्या ने कांग्रेस की हार का अंतर बढ़ाया

इंदौर। जिले में लाड़ली बहना ने भाजपा का जमकर साथ दिया। महिलाओं की बंपर वोटिंग से 9 सीटों पर भाजपा लगातार बढ़त बनाकर चलती रही। जिन सीटों पर भाजपा को नगर निगम चुनावों में हार मिली थी या जीत का अंतर कम हुआ था, वहां भी भाजपा ने प्रचंड जीत दर्ज की है।

लाड़ली बहना का ऐसा रहा असर

इंदौर-1: 1,78,297 महिलाओं में से 1,25,844 ने वोट दिए। महिलाओं के 70.58 फीसदी वोट डले, जो 2018 से 3.01 फीसदी ज्यादा हैं। निगम चुनावों में 20 हजार से इस विधानसभा को भाजपा ने जीता था, लेकिन विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत 57939 की हो गई।

इंदौर-2: पिछले चुनाव से इस बार 11742 महिलाओं ने ज्यादा वोटिंग की। निगम चुनावों में कांग्रेस यहां चार वार्डों में जीत हासिल कर पाई थी। इस बार 1,14,133 महिलाओं ने मतदान किया। भाजपा ने रिकॉर्ड कायम करते हुए 1 लाख 7 हजार 47 वोट से जीत दर्ज की।

इंदौर-3: इस बार 69.01 फीसदी महिलाओं ने वोट दिया। 2018 में 67.40 फीसदी महिलाओं ने मतदान किया था। बस्ती क्षेत्रों में भाजपा को जमकर वोट मिले। इस सीट पर 64 हजार 323 महिलाओं के वोट डले थे, जिससे भाजपा को 14 हजार 757 वोटों की जीत मिली। निगम चुनाव में 3 हजार से ही यहां भाजपा जीत पाई थी।

इंदौर-4: इस सीट पर 4 फीसदी बढ़त के साथ महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत 64.53 रहा। 83155 महिलाओं के मतदान से भाजपा की जीत का आंकड़ा 69 हजार 837 तक पहुंचा।

इंदौर-5: निगम चुनाव में इस सीट पर भाजपा को 5 हजार वोटों से हार मिली थी। अल्पसंख्यक बाहुल्य इस सीट पर भाजपा ने लगभग 42 हजार महिलाओं को लाड़ली बहना योजना से जोड़ा। महिलाओं के वोटिंग प्रतिशत 66.22 के साथ 135277 वोट पड़े। भाजपा को 15,671 वोटों से जीत मिली।

महू: 75.58 फीसदी महिलाओं ने वोटिंग की। यहां महिलाओं को बड़ी संख्या में लाड़ली बहना योजना से जोड़ा गया था। महिलाओं के 1,04,321 वोट डले, जिससे 34392 वोटों से भाजपा जीती।

राऊ: पिछले चुनाव की तुलना में महिलाओं की वोटिंग बढ़ी। 131708 महिलाओं ने मतदान किया। भाजपा ने वार्डवार महिलाओं को लाड़ली बहना से जोड़ने का अभियान चलाया। पिछली बार 5700 वोटों से हारी ये सीट इस बार भाजपा ने 35522 से जीती।

सांवेर: भाजपा ने लाड़ली बहना योजना के लिए बूथवार मुहिम चलाई। इस बार महिलाओं की वोटिंग में इजाफा हुआ। 115145 महिलाओं ने वोट दिए तो भाजपा 68854 वोटों से जीतने में कामयाब रही।

देपालपुर: भाजपा ने इस सीट पर लाड़ली बहना योजना के लिए कार्यक्रम बनाकर काम किया। 1 लाख 5 हजार 667 महिलाओं ने वोटिंग की। इस सीट पर भाजपा के ही बागी प्रत्याशी के चलते त्रिकोणीय संघर्ष था, लेकिन भाजपा 13698 वोटों से चुनाव जीती।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ