Header Ads Widget

Responsive Advertisement

सिंहस्थ 2028 में आएंगे 14 करोड़ श्रद्धालु, अभी से शुरु होने जा रही तैयारियां, बनेगी 6 लेन रोड !

 

इंदौर-उज्जैन मार्ग को लेकर शहर के विशेषज्ञों ने सांसद के समक्ष रखा रोडमैप
कहा- इस मार्ग पर लोक परिवहन के रूप में इलेक्ट्रिक केबल हाईवे पर भी हो विचार

इंदौर। सिंहस्थ-2028 को देखते हुए इंदौर-उज्जैन रोड को सिक्स लेन करने के साथ ही दोनों ओर सर्विस रोड बनाना भी जरूरी है। सिंहस्थ में देशभर से आने वाले लोगों की सुविधा के लिए यह निर्माण शीघ्र किया जाना चाहिए। शहर के विशेषज्ञों ने सांसद शंकर लालवानी के समक्ष इंदौर-उज्जैन रोड के चौड़ीकरण का रोडमैप रखा है। इंदौर उत्थान अभियान के अध्यक्ष अजीत सिंह नारंग, विशेषज्ञ श्रीनिवास कुटुम्बले, वीके गुप्ता, वीके जैन, महेश राजवैध ने सांसद का ध्यान इनसे जुड़े बिंदुओं की ओर आकर्षित करते हुए पत्र लिखा है। विशेषज्ञों ने कहा कि वर्तमान में इंदौर-उज्जैन मार्ग चार लेन का है।

वर्ष 2016 के सिंहस्थ में यह नाकाफी साबित हो चुका है। इस 4 लेन मार्ग का चौड़ीकरण कर 6 लेन करने की योजना प्रस्तावित है। इस संबंध में इंदौर उत्थान अभियान का मत है कि प्रस्तावित 6 लेन से कुछ हद तक समस्या का समाधान हो जाएगा, लेकिन यह भी नाकाफी है। वाहनों की निरंतर बढ़ती संख्या और दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को देखते हुए अध्ययन के आधार पर सुझाव है कि यातायात-पृथकीकरण यानी सेगरेशन ऑफ ट्रैफिक के सिद्धांत पर यातायात प्रबंधन किया जाए।

इसमें सड़क 6 लेन करने के साथ सड़क के दोनों ओर दो-दो लेन की सर्विस रोड भी बनाई जाए, ताकि यहां से दो पहिया वाहन सुरक्षित रूप से निकल सकें। बीच के गांवों के वाहनों को भी इससे सुविधा होगी। वाहन सीधे 6 लेन पर आने से तेज गति से चलने वाले ट्रैफिक के कारण दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। समिति ने आग्रह किया है कि सुझावों पर अमल करते हुए 6 लेन सड़क और दोनों ओर सर्विस रोड का निर्माण शीघ्र प्रारंभ किया जाए।

इलेक्ट्रिक केबल हाईवे व इलेक्ट्रिक बसें चलाएं

- नारंग के मुताबिक, इलेक्ट्रिक केबल हाईवे दिल्ली से जयपुर के बीच बन रहा है। इससे यात्रा सस्ती होती है और पर्यावरण संरक्षण भी होता है। इंदौर-उज्जैन मार्ग पर इलेक्ट्रिक केबल हाईवे तथा इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के विकल्प पर भी विचार किया जाना चाहिए। इलेक्ट्रिक केबल हाईवे तीन कोच को जोड़कर चलाया जा सकता है। इसमें एक साथ 150 लोग यात्रा कर सकेंगे। यह अन्य वाहनों की तुलना में यह करीब 30 प्रतिशत सस्ता भी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ