Header Ads Widget

Responsive Advertisement

भाजपा की दूसरी लिस्ट में 21 फीसदी महिलाओं के नाम, पूर्व सीएम और कई केंद्रीय मंत्री भी शामिल

लोकसभा चुनाव 2024 के भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इसमें कई केंद्रीय मंत्रियों के नाम शामिल हैं। महाराष्ट्र के नागपुर से नितिन गडकरी और हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से अनुराग ठाकुर को टिकट दिया गया है। एक दिन पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने वाले मनोहर लाल खट्टर को करनाल से उतारा गया है। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी को गढ़वाल से टिकट दिया गया है। पार्टी ने करीब 33 फीसदी टिकट काट दिए गए हैं।

72 सीटों पर 15 महिला प्रत्याशी

भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने यहां 10 राज्यों एवं एक केंद्र शासित प्रदेश की 72 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की। इनमें 15 (20.8 फीसदी) महिला उम्मीदवार शामिल हैं। 10 एससी, 9 एसटी और 15 महिलाओं को मौका मिला है। इससे पहले भाजपा ने बीते 2 मार्च को पहली लिस्ट में 16 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 195 प्रत्याशी घोषित किए थे। इस प्रकार दूसरी लिस्ट को मिलाएं तो पार्टी अब तक 267 सीटों पर नामों की घोषणा कर चुकी है।

किस राज्य में कितनी सीटों का ऐलान?

पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने पिछले सोमवार की रात हुई बैठक में इन नामों को स्वीकृति दी थी। भाजपा की सूची में दिल्ली की दो, दादर एवं नगर हवेली की एक, गुजरात की सात, हरियाणा की छह, हिमाचल प्रदेश की दो, कर्नाटक की 20, मध्य प्रदेश की पांच, महाराष्ट्र की 20, तेलंगाना की छह, त्रिपुरा की एक और उत्तराखंड की दो लोकसभा सीट के लिए प्रत्याशी उतारे गए हैं।

प्रीतम का कटा, बहन पंकजा को मिला

महाराष्ट्र में बीड सीट से प्रीतम मुंडे का टिकट काटकर बहन पंकजा मुंडे को पार्टी ने दिया है। जलगांव, अकोला, चंद्र पुर, उत्तर मुंबई, उत्तर-पूर्व मुंबई, पुणे और बीड लोकसभा सीट से नए चेहरों को पार्टी ने मौका दिया है। दिल्ली की बची दोनों सीटों पर पार्टी ने नए टिकट घोषित किए हैं। पूर्वी दिल्ली से हर्ष मल्होत्रा और उत्तर पश्चिम दिल्ली से योगेंद्र चंदोलिया को पार्टी ने मैदान में उतारा है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और गढ़वाल सीट से मौजूदा सांसद तीरथ सिंह रावत का टिकट काटकर पार्टी ने राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी को चुनाव मैदान में उतारा है। इसी तरह पूर्व शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की जगह हरिद्वार से पार्टी ने पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत पर दांव खेला है।

नौ केंद्रीय मंत्री भी उतारे

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल- मुंबई नॉर्थ (महाराष्ट्र)
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी- धारवाड़ (कर्नाटक)
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी- नागपुर (महाराष्ट्र)
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर- हमीरपुर (हिमाचल)
राव इंद्रजीत सिंह- गुरुग्राम (हरियाणा)
कृष्ण पाल गुर्जर- फरीदाबाद (हरियाणा)
शोभा करंदलाजे - बेंगलूरु उत्तर (कर्नाटक)
राव साहेब दानवे पाटिल - जालना महाराष्ट्र)
डॉक्टर भारती पवार - डिंडोडी (मध्यप्रदेश)

तीन पूर्व मुख्यमंत्री भी लड़ेंगे

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर- करनाल

कर्नाटक के पूर्व सीएम बसवराज बोम्मई - हावेरी

उत्तराखंड के पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत- हरिद्वार

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ