Header Ads Widget

Responsive Advertisement

रातभर चला बैठकों का दौर, मतदान से पहले क्या मंत्र दे गए भाजपा अध्यक्ष

लोकसभा चुनाव को रिकॉर्ड सीटों के साथ जीतना तो है ही, लेकिन जिन सीटों को जीतना है, उन पर मतों का भी रिकार्ड होना चाहिए। आपकी मेहनत के आगे कुछ भी असंभव नहीं है। हर सीट पर वोट शेयर बढ़ाना है। हर मोर्चे पर जुट जाएं। मतदान के दिन खासतौर पर जुटना पड़ेगा। इसमें कोई बड़ा या छोटा बनकर काम न करें। हर साथी भाजपा का ताकतवर प्रहरी है। इसी भावना से आगे बढ़ें। ये बातें भोपाल प्रवास पर आए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चुनाव प्रबंध समिति की बैठक में गुरुवार को प्रदेश नेतृत्व से कहीं। इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह व अन्य मौजूद थे।

नड्डा ने भोपाल प्रदेश कार्यालय से गुजरात के मेहसाणा में सभा को भी वर्चुअली संबोधित किया। नड्डा शाम को भोपाल पहुंचे थे। फिर विदिशा के सिरोंज में पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के समर्थन में सभा की। सिरोंज में शाम होने पर सुरक्षा कारणों से चॉपर से वे दिल्ली नहीं लौट सके। सड़क मार्ग से रात 9 बजे प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां 10.45 बजे तक रहे। कम वोटिंग पर वीडी समेत अन्य से कारण पूछे। रात में उन्होंने राजधानी भोपाल में ही विश्राम किया। वे शुक्रवार सुबह दिल्ली रवाना होंगे।

नेताओं को बीपी-शुगर हो जाती है: नड्डा

नड्डा ने कहा, कांग्रेस को जवाब दें। सोशल मीडिया पर आक्रामक जवाब दें। जमीन पर जनता व कार्यकर्ता से मिलें। हर सीट पर कम वोटिंग का अध्ययन करें। लीगल सेल को सतर्क रहने को कहा। चुटकी लेते हुए कहा- मैं स्वास्थ्य मंत्री रहा हूं, मुझे पता है कुछ नेताओं को बीपी-शुगर हो जाती है, लेकिन खुश रहेंगे तो सब ठीक होगा। नड्डा व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के बीच कई दौर की चर्चा हुई। नड्डा ने कहा, पीएम मोदी, केंद्र की सरकार और प्रदेश की भाजपा सरकार ने कई कीर्तिमान बनाए हैं। जनता को यह बात समझानी है।

हर बूथ पर 10 प्रतिशत वोट बढ़ाओ, नहीं तो पार्टी करेगी नजरअंदाज

इससे पहले राजधानी में हर बूथ पर 10 प्रतिशत वोट बढ़ाने के लिए संगठन ने मंथन किया। भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, जिन संसाधनों की जरूरत है, वोटिंग से पहले बताएं। पूरा करेंगे। किसी बूथ पर ऐसी समस्या, जो आपके स्तर पर हल नहीं हो रही तो वरिष्ठ पदाधिकारियों को बताएं। वहां भी सुनवाई न हो तो प्रदेश नेतृत्व को बताएं। हल न कर पाने वाले पदाधिकरियों से भी सवाल होंगे। हमें हर हाल में बड़ी जीत का उपहार पीएम मोदी और पार्टी की उपलब्धियों में शामिल करना है। वे लोकसभा चुनाव प्रबंधन टोली की बैठक को संबोधित कर रहे थे। लोकसभा चुनाव प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा, भाजपा के पास कार्यकर्ताओं की शक्ति है। उसका उपयोग सही दिशा में करें। दोनों नेताओं ने साफ किया कि हालात जो भी हैं, पहले बताएं। उसके बाद पार्टी की रीति-नीति पर नहीं चलने वालों को नजरअंदाज होना पड़ेगा। बोले- दो चरणों में आप सबने बेहतर काम किया। 7 और 13 मई की वोटिंग में और बेहतर करना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ