Header Ads Widget

Responsive Advertisement

शांत समुद्री तटों और किलों का शहर

 

मोटी दमन किले से समुद्र का नजारा। - Dainik Bhaskar
मोटी दमन किले से समुद्र का नजारा।

अगर आपको शांत और समुद्री वातावरण पसंद है तो दमन आपके लिए एक शानदार टूरिस्ट प्लेस हो सकता है। भव्य प्राचीन चर्चेस और किले यहां का मुख्य आकर्षण हैं। यह चार सौ साल से भी ज्यादा समय तक पुर्तगालियों के अधीन रहा है। ऐसे में औपनिवेशिक दौर के निशान आज भी यहां देखे जा सकते हैं। आज दमन अब दीव के साथ एक अलग केंद्र शासित प्रदेश है।

दमन गंगा नदी इस शहर के बीच से गुजरती है। इस तरह यह नदी इसे मुख्य रूप से दो भागों में बांटती है। इन दोनों भागों को दो पुल आपस में जोड़ते हैं। एक तरफ है नानी दमन। यहां सेंट जेरोम फ़ोर्ट मुख्य आकर्षण है, जिसे नानी दमन किला भी कहा जाता है। करीब 1,250 वर्ग मीटर में फैले इस किले की चारदीवारी पर चढ़कर आप चारों ओर से नानी दमन के नज़ारे देख सकते हैं। चैपल ऑफ ऑवर लेडी ऑफ रोजरी चर्च नानी दमन का एक अन्य प्रमुख आकर्षण है।

दमन गंगा नदी के दूसरी ओर मोटी दमन का इलाक़ा है। यहां मौजूद मोटी दमन किला भी पुर्तगालियों के साम्राज्य की याद दिलाता है। किले के चारों तरफ खूबसूरत सड़कें बनी हैं, जिनके किनारे छोटे-छोटे बगीचे हैं। यहां मोटी दमन का बोम जीजस चर्च पुर्तगाली वास्तुकला की बानगी पेश करता है। चर्च में लकड़ी की एक बेहद कलात्मक नक्काशीदार वेदी है। इसके दरवाज़ों पर की गई कारीगरी भी देखने लायक है।

शानदार समुद्री किनारे

दमन अरब सागर की लहरों वाले अपने समुद्री किनारों के लिए मशहूर है। इनमें से एक है देवका बीच। नानी दमन से करीब तीन किलोमीटर दूर देवका बीच दमन का एक अहम पर्यटक स्थल है। यहां समुद्र के किनारे बच्चों के खेलने के लिए कई पार्क बनाए गए हैं, जहां परिवार के साथ बीच पर छुट्टियों का मजा ले सकते हैं। मोटी दमन से दक्षिण की तरफ मौजूद जंपोर बीच दमन का एक और लोकप्रिय समुद्री किनारा है। यहां आप घुड़सवारी और ऊंट की सवारी का मजा भी ले सकते हैं। अगर आप समुद्र किनारे पर एकांत का मजा लेना चाहते हैं, तो दमन से 27 किलोमीटर दूर गोमतीमाला बीच जा सकते हैं। यहां आप शांति से सूर्योदय और सूर्यास्त के नज़ारों का आनंद ले सकते हैं।

मीरसोल लेक गार्डन

यह एक अम्यूजमेंट पार्क है। यहां बच्चों के लिए टॉय ट्रेन भी है। गार्डन के पास ही वॉटर पार्क भी है जो इसे पिकनिक के लिए शानदार डेस्टिनेशन बनाता है। दमन का लाइटहाउस भी यहां की एक पहचान है। लाइटहाउस से आप पूरे दमन का नज़ारा देख सकते हैं। अपनी तरह का इकलौता सत्यनारायण मंदिर भी यहीं पर है। इसी तरह भगवान महावीर का जैन मंदिर भी दमन के अन्य आकर्षणों में शामिल हैं।

कब जाएं?

वैसे तो यहां जाने का सबसे आदर्श मौसम अक्टूबर से अप्रैल के बीच होता है। लेकिन जुलाई से सितंबर के बीच भी आप मानसून का मजा लेने यहां आ सकते हैं। हल्की बारिश में यह एक शानदार टूरिस्ट प्लेस बन जाता है। हालांकि भारी बारिश के चलते थोड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। तो मौसम पूर्वानुमान के हिसाब से ही विजिट प्लान करें।

कैसे जाएं?

नजदीकी हवाई अड्डा नानी दमन में है, जहां के लिए वड़ोदरा और मुंबई जैसे शहरों से नियमित उड़ानें हैं। नजदीकी रेलवे स्टेशन वापी है, जो देश के प्रमुख शहरों से जुड़ा है। यह शहर से करीब बारह किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। अगर आप सड़क मार्ग से आना चाहें तो पश्चिम भारत के लगभग सभी बड़े शहरों से यहां के लिए सीधी बस सेवा उपलब्ध हैं।

कहां ठहरें?

दमन एक लोकप्रिय टूरिस्ट डेस्टिनेशन है। इसलिए यहां ठहरने के साधनों की कमी नहीं है। यहां हर बजट के होटल, होमस्टे उपलब्ध है। महंगे रिजार्ट्स भी यहां मिल जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ