मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नेहरू स्टेडियम में झण्डावंदन किया
इंदौर मे76वां गणतंत्र दिवस समारोह उत्सव, उमंग और देशभक्ति के साथ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह इंदौर के नेहरू स्टेडियम में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जोश और जुनून के साथ उत्साह भरे वातावरण में झण्डावंदन किया। उन्होंने परेड की सलामी ली। इस मौके पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा आकर्षक एवं नयनाभिराम झांकियां भी निकाली गई। स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत के 76वें गणतंत्र दिवस के मंगल अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन करते हुए कहा कि आज राष्ट्र के जन-गण-मन में देशभक्ति और देश के लिए गर्व का भाव सशक्त हो रहा है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व-गुण के फलस्वरूप यह संभव हुआ है। आज संपूर्ण विश्व में भारत की गरिमा और साख बढ़ रही है। गणतंत्र दिवस की वर्षगाँठ पर राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए शहीद राष्ट्रभक्तों और ज्ञात-अज्ञात सेनानियों के चरणों में विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने कहा कि आज संविधान निर्माताओं के प्रति भी कृतज्ञता ज्ञापित करने का दिन है। हमारा संविधान गौरव और स्वाभिमान के साथ हमें अपने अधिकारों और कर्तव्यों का बोध भी करवाता है। संविधान दिवस के माध्यम से हमारा राष्ट्र संविधान की महिमा को एक उत्सव के रूप में मनाता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गणतंत्र दिवस की वर्षगाँठ पर यह बताते हुए प्रसन्नता है कि एक वर्ष में प्रदेश के चहुँमुखी विकास के साथ प्रदेश की जनता के हित में जन-सहयोग से जो कार्य हुए हैं, उनसे मध्यप्रदेश विकसित राज्य के रूप में पहचान बना रहा है। इस उपलब्धि का श्रेय प्रदेश के लगभग साढ़े आठ करोड़ नागरिकों को जाता है, जो इस पहचान के शिल्पकार रहे हैं। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की मंशानुरूप विकसित भारत के लिए विकसित मध्यप्रदेश की हमारी यात्रा निरंतर चल रही है।
*अभूतपूर्व उत्साह के बीच 19 प्लाटूनों ने प्रस्तुत की आकर्षक परेड*
76वें गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत अभूतपूर्व उत्साह का माहौल था। समारोह में 19 प्लाटूनों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झण्डावंदन के पश्चात खुली जीप से सम्पूर्ण परेड का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ कलेक्टर श्री आशीष सिंह और पुलिस कमिश्नर श्री संतोष सिंह थे। उन्होंने परेड कमाण्डरों से परिचय भी प्राप्त किया। परेड के दौरान सशस्त्र दलों द्वारा हर्ष फायर किये गये। खुला आसमान तिरंगे के तीन रंगों से सराबोर हो गया। समारोह में परेड का नेतृत्व परेड कमांडर आईपीएस श्री आदित्य सिंघारिया ने किया। उनका अनुकरण टूआईसी सुबेदार पूजा पाटीदार ने किया। इस अवसर पर सीमा सुरक्षा (सशस्त्र), आरएपीटीसी, प्रथम वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, 15वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल (पुरुष), जिला पुलिस बल (महिला), जिला होमगार्ड बल, यातायात पुलिस बल, वन विभाग, एनसीसी, शौर्य दल, स्काउट, गाइड, रेडक्रॉस, सृजन, बीएसएफ, प्रथम वाहिनी बैंड, अश्व दल (प्रथम वाहिनी) तथा आर चालक द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की गयी। इस अवसर पर बीएसएफ के बैंड ने देशप्रेम की भावना से ओतप्रोत राष्ट्रीय धुनों से सम्पूर्ण वातावरण को देशभक्ति से भर दिया।
*जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों पर आधारित 18 विभागों द्वारा निकाली गई नयनाभिराम झाँकियाँ*
समारोह के दौरान विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा राज्य शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों पर आधारित नयनाभिराम झाँकियाँ निकाली गई। इनमें मुख्य रूप से नगर निगम इंदौर द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत कचरे का रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकल करना ताकि कार्बन उत्सर्जन को कम किया जा सके। खजराना गणेश मंदिर की झाँकी में भक्तों हेतु सुविधायुक्त दर्शन व्यवस्था, आधुनिक विद्युत साज-सजावट के साथ परिसर का सौन्दर्यीकरण तथा ध्वनि उपकरण के माध्यम से मधुर मंत्रोच्चार की सम्पूर्ण व्यवस्था। इसी तरह शिक्षा विभाग की झाँकी द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए साईन लेंग्वेज, ब्रेल लिपि से शिक्षा को दर्शाया गया। कृषि विभाग की झाँकी में जैविक एवं प्राकृतिक खेती से होने वाले लाभ को दिखाया गया। जिला पंचायत की झाँकी में सुशासन भवन, पंचायत भवन और पंचायत निधि के माध्यम से ग्रामीणों के लिए बैठक, पेयजल आदि की व्यवस्था को प्रदर्शित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की झाँकी में मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक द्वारा वंचित एवं मलिन बस्तियों के लोगों का उपचार करना। यातायात विभाग की झाँकी में सुगम यातायात एवं सड़क सुरक्षा की जानकारी को दर्शाया गया। पुलिस विभाग की झाँकी द्वारा जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से बालिकाओं में सुरक्षा की भावना और उनके आत्मविश्वास की वृद्धि को प्रदर्शित किया गया। मेट्रो की झाँकी में शहर में बढ़ते यातायात को कम करना और तेजी से सुगम और सुरक्षित यात्रा के विकल्प के रूप में मेट्रो रेल परियोजनाओं को आगे बढ़ाना। औद्योगिकी विकास निगम की झाँकी में वर्षभर में हुए सात रिजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव से राज्य शासन को करोड़ों रुपये का निवेश प्राप्त होना और युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त होने को दर्शाया गया। केन्द्रीय जेल की झाँकी में बंदियों को सशक्त बनाने की दिशा में उन्हें विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण देकर उनके पुर्नवास करने को दर्शाया गया। इसी तरह जिला व्यापार उद्योग केन्द्र, महिला बाल विकास, वन विभाग, इंदौर विकास प्राधिकरण, आईटीआई और उद्यानिकी विभाग की झाँकियां संबंधित विषयों पर निकाली गई।
*रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की हुयी प्रस्तुतियां*
समारोह के दौरान तीन विद्यालयों के बच्चों ने राष्ट्रीयता , देशभक्ति, एकता और सद्भावना पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। सीएम राइज स्कूल अहिल्या आश्रम क्रमांक 02 की बालिकाओं ने देशप्रेम की भावना से सराबोर और राष्ट्रीय गीतों पर आधारित रंगारंग प्रस्तुति दी। माँ उमिया देवी पाटीदार कन्या स्कूल राऊ के बच्चों ने विभिन्न प्रान्तों के लोकनृत्य और लोकगीत पर आधारित मनमोहक प्रस्तुति दी। इसी तरह दिल्ली पब्लिक स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति, साहस और राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत गीतों पर रंगारंग प्रस्तुति दी। इसमें दिल्ली पब्लिक स्कूल को प्रथम, मॉ उमिया देवी पाटीदार कन्या स्कूल राऊ को द्वितीय और अहिल्या आश्रम क्रमांक 02 को तृतीय स्थान मिला।
*पुरस्कार*
समारोह के दौरान उत्कृष्ट परेड प्रस्तुत करने पर प्लाटूनों को पुरस्कृत किया गया। "अ" वर्ग में प्रथम पुरस्कार 15वी वाहिनी विशेष सशस्त्र बल तथा द्वितीय पुरस्कार सीमा सुरक्षा बल को दिया गया। "ब" वर्ग में प्रथम पुरस्कार एनसीसी और द्वितीय पुरस्कार जिला यातायात पुलिस बल को प्राप्त हुआ। "स" वर्ग का प्रथम पुरस्कार सृजन को तथा द्वितीय पुरस्कार रेडक्रास को दिया गया।
इसी तरह झांकियों में प्रथम पुरस्कार नगर निगम , द्वितीय पुरस्कार औद्योगिक केन्द्र विकास निगम तथा तृतीय पुरस्कार केन्द्रीय जेल को दिया गया। मुख्य समारोह में वर्षभर विभागीय कार्यों में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों, स्वयंसेवी संगठनों, स्वच्छतामित्रों आदि को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री जी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को भी शॉल श्रीफल देकर सम्मानित किया।
समारोह में सांसद श्री शंकर लालवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्री मधु वर्मा, श्री गोलू शुक्ला, श्री गौरव रणदीवे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीना मालवीय, संभागायुक्त श्री दीपक सिंह, पुलिस महानिरीक्षक श्री अनुराग सहित बड़ी संख्या में शासकीय अधिकारी–कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्कूली बच्चे मौजूद थे।
0 टिप्पणियाँ